जीबीएच में महाधमनी और हृदय के दो खराब वॉल्व का सफल ऑपरेशन
साढ़े तीन घंटे चली जटिल सर्जरी, चौथे दिन मरीज को मिली अस्पताल से छुट्टी

उदयपुर। जीबीएच जनरल हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने 50 वर्षीय मरीज के दिल की बेहद जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की। मरीज की दिल की सबसे बड़ी धमनी एओर्टा (Aorta) 5.5 सेंटीमीटर तक फैल गई थी। इसके साथ ही हृदय के एओर्टिक और माइट्रल वॉल्व भी खराब हो गए थे। इस स्थिति में धमनी फटने का गंभीर खतरा था।
सलूंबर निवासी प्रतापसिंह पिछले दो साल से सीने में दर्द, अनियमित धड़कन, अचानक बेहोशी और सांस लेने में परेशानी से जूझ रहे थे। जीबीएच के कार्डियक सेंटर में जांच और CT स्कैन के बाद उनकी बीमारी का पता चला।
एक ही ऑपरेशन में तीन प्रक्रियाएं
कार्डियक सर्जन डॉ. धनंजय बंसल ने मरीज की सर्जरी की। इसमें बेंटाल (Bentall) प्रक्रिया से फैली हुई महाधमनी को बदलने के साथ एओर्टिक और माइट्रल दोनों वॉल्व का भी प्रतिस्थापन किया गया। आमतौर पर ऐसी सर्जरी में छह से आठ घंटे लग सकते हैं, लेकिन डॉक्टरों की टीम ने इसे साढ़े तीन घंटे में पूरा किया।
चौथे दिन अस्पताल से मिली छुट्टी
ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में तेजी से सुधार हुआ। उसे लंबे समय तक ICU में रखने की जरूरत नहीं पड़ी। स्वास्थ्य में सुधार होने पर चौथे दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इस सर्जरी में डॉ. धनंजय बंसल के साथ एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. महेंद्र मारोठी और डॉ. अंशुमान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जीबीएच जनरल हॉस्पिटल के कार्डियक सेंटर में इस तरह की जटिल सर्जरी की सुविधा मिलने से दक्षिणी राजस्थान के मरीजों को अब अपने क्षेत्र में ही उन्नत हृदय उपचार मिल सकेगा।


