Daily Udaipur Top Banner

मेडिकल स्टूडेंट्स ने कला, संगीत और अभिव्यक्ति से दिया मानसिक स्वास्थ्य का संदेश

 

उदयपुर  विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के तहत बेडवास स्थित अमेरिकन इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के क्लिनिकल मनोविज्ञान विभाग द्वारा आयोजित मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह का शनिवार को समापन हुआ। 5 से 10 अक्टूबर तक चले इस छह दिवसीय आयोजन में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कुल 17 गतिविधियां आयोजित की गईं।

क्लिनिकल मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रीति शर्मा ने बताया कि इस सप्ताह का उद्देश्य छात्रों, चिकित्सकों और आमजन में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर सकारात्मक संवाद स्थापित करना था। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य का मतलब सिर्फ बीमारी का न होना नहीं है, बल्कि व्यक्ति का तनाव को संभालना, अपनी क्षमता को पहचानना और समाज में अपना योगदान देना भी है। इस बार कला, संगीत और अभिव्यक्ति को माध्यम बनाया गया, ताकि मानसिक स्वास्थ्य जैसे गंभीर मुद्दों पर सरलता और संवेदनशीलता के साथ बात की जा सके। मेडिकल स्टूडेंट्स, चिकित्सकों और फैकल्टी सदस्यों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सप्ताहभर में हुईं 17 गतिविधियां

5 अक्टूबर से शुरू हुए सप्ताह में पोस्टर प्रतियोगिता और स्किट, फ्री-फ्लोइंग ड्राइंग आर्ट, बैलून एंग्जायटी एक्टिविटी, बी-योर-फ्रेंड सेल्फ-कम्पैशन एक्टिविटी और क्ले आर्ट आयोजित किए गए। बैलून एंग्जायटी एक्टिविटी में छात्रों ने अपनी चिंताओं को गुब्बारों पर लिखकर छोड़ा। इसके अलावा कलर एनालिसिस, इमोशनल अंताक्षरी, साउंड थेरेपी, विजन बोर्ड, सुसाइड प्रिवेंशन पर विशेष स्किट, विजुअल मेडिटेशन, ब्लॉक आर्ट, व्हाइट बेडशीट पेंटिंग और जैमिंग नाइट जैसी गतिविधियां हुईं। वर्कशॉप और नुक्कड़ नाटक के साथ सप्ताह का भव्य समापन हुआ।

प्रकृति से मिलता है मानसिक संतुलन का संदेश

मुख्य अतिथि एवं डायरेक्टर डॉ. प्रिया जैन ने प्रकृति के रंगों, फूल-पत्तियों की आकृतियों और प्राकृतिक सौंदर्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रकृति न केवल रचनात्मकता को प्रेरित करती है, बल्कि भावनात्मक एवं मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक हो सकती है।

कॉलेज प्राचार्य डॉ. विनय जोशी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस प्रकार के आयोजन न केवल जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि संवेदनशीलता भी विकसित करते हैं। कार्यक्रम में 200 से अधिक विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों ने भागीदारी की।

कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. बी.के. पुष्प सहित डॉ. अब्दुल शाजिद, डॉ. अन्नू जैन और डॉ. दिव्या ने जीवन में संतुलन, सामंजस्य, मानसिक सुकून और सकारात्मकता के महत्व पर विचार साझा किए। समापन पर विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

 

Author Profile

Ganpat Singh Chouhan
My name is Ganpat Singh Choughan. I am an experienced content writer with 7 years of expertise in the field. Currently, I contribute to Daily Kiran, creating engaging and informative content across a variety of categories including technology, health, travel, education, and automobiles. My goal is to deliver accurate, insightful, and captivating information through my words to help readers stay informed and empowered.

Leave a Comment